चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि एमएसपी के मुद्दे को लेकर किसानों के दिल्ली कूच को कुचलने की तैयारी हरियाणा सरकार ने कर ली है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है। सरकार की किसानों के ऊपर तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार से आग्रह…किसानों को इस तरह न रोकें
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार सीमेंट की बैरिकेडिंग और कंटीली तार लगा रही है। पहले अंबाला पुलिस ने एक चेतावनी जारी करते हुए किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने से मना किया और किसानों की प्रॉपर्टी व बैंक डिटेल मांगी। किसानों को चेतावनी दी गई कि अगर प्रदर्शन में शामिल हुए तो नुक़सान की रिकवरी किसानों के अकाउंट से की जाएगी एवं प्रॉपर्टी और बैंक अकाउंट सील कर दी जाएगी। अब कैथल पुलिस ने किसानों को चेतावनी दी है यदि प्रदर्शन में शामिल हुए तो आपका पासपोर्ट और आर्म लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्या भाजपा सरकार इस देश के संविधान में दिए गए शांतिपूर्ण प्रर्दशन के अधिकार को भी छीनना चाहती है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला को किसान विरोधी सरकार का साथ छोड़ तुरंत प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। आम आदमी पार्टी किसानों की इस जायज मांग के साथ खड़ी है और हरियाणा सरकार से निवेदन करती है कि किसानों को इस तरह न रोकें, किसानों की मांग को पूरा करने के लिए आपको इनका समर्थन करना चाहिए।
