पटियाला -:शंभू–राजपुरा रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध विस्फोट की सूचना से हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि शुरुआती तौर पर इसे लो इंटेंसिटी एक्सप्लोजन समझा गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह स्पष्ट हुआ कि यह एक अटेम्प्टेड डेटोनेशन था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी पटियाला
कुलदीप चाहल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र किए हैं। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच में जुट गई है, ताकि घटना के पीछे के कारणों और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।अधिकारियों के अनुसार, रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
