पंचकूला, 28 अप्रैल — पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 के लिए मतदान 10 मई को आयोजित किया जाएगा। इस बार शहर के 20 वार्डों में कुल 2,07,379 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,08,927 पुरुष, 98,447 महिलाएं और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार सभी वार्डों में मतदाताओं की संख्या संतुलित है, हालांकि कुछ वार्डों में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या में हल्का अंतर देखने को मिलता है। वार्ड नंबर 14 और 17 में मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है, जबकि वार्ड नंबर 8 और 15 में यह आंकड़ा कम है।मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे शहर में 20 वार्डों के लिए कुल 204 मतदान केंद्र (बूथ) स्थापित किए गए हैं। हर वार्ड में मतदाताओं की संख्या के अनुसार बूथों की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
