Chamba,31 July-चम्बा के ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी सूफी गायक सतपाल वडाली की मधुर और रूहानी प्रस्तुतियों के नाम रही। वडाली ब्रदर्स की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सतपाल वडाली ने मंच पर अपने सूफियाना रंग बिखेरे और पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मूसाधा और कुंजड़ी मल्हार गायन से हुई,जिसने स्थानीय लोक-संस्कृति की सुगंध पूरे आयोजन में घोल दी।इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों में उत्साह भर दिया।
इस सांस्कृतिक संध्या की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में सेशन जज उपस्थित रहीं।प्रशासन की ओर से उन्हें शॉल,चंबा की पारंपरिक टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मेला मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट ने कलाकारों का उत्साह दुगना कर दिया। दर्शकों ने सूफी गायन की आत्मिक गहराई और लोक संस्कृति के रंगों का भरपूर आनंद लिया।
