शिमला, संजू -: ऑनलाइन फार्मेसी और दवाओं पर भारी छूट के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश में मेडिकल स्टोर संचालकों ने एक दिन की हड़ताल की।प्रदेशभर में अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिसके चलते लोगों को जरूरी दवाइयां लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और अन्य जिलों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
मेडिकल एंड ड्रगिस्ट सोसाइटी हिमाचल के अध्यक्ष संजीव पंडित ने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट दिए जाने से छोटे मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सख्त निगरानी के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से गलत दवाइयों के इस्तेमाल और नकली दवाओं का खतरा बढ़ सकता है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि दवाइयों की बिक्री केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोरों के माध्यम से ही होनी चाहिए। साथ ही सरकार से ऑनलाइन फार्मेसी पर कड़े नियम लागू करने और अवैध रूप से हो रही दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की गई।संजीव पंडित ने बताया कि हिमाचल के सभी जिला केमिस्ट संगठनों ने इस देशव्यापी आंदोलन का समर्थन किया। उनका कहना था कि यह विरोध किसी कंपनी विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मेडिकल व्यवसाय और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
