Chandigarh,11 October-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई.पूरन कुमार के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस घटना को “बेहद दुखद और हमारे सिस्टम पर सवाल उठाने वाली” बताया। मान ने कहा कि परिवार ने अपने बेटे को शिक्षा और संस्कार देकर इस मुकाम तक पहुंचाया,लेकिन भेदभाव और अन्याय के चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा, जो अत्यंत दर्दनाक है।
मुख्यमंत्री ने कहा,“जो लोग दूसरों को न्याय दिलाने में लगे होते हैं, उन्हें आज खुद न्याय की उम्मीद करनी पड़ रही है। भारत विविधताओं का देश है,लेकिन यह घटना सिस्टम की वास्तविकता को उजागर करती है।”उन्होंने बताया कि दिवंगत अधिकारी की पत्नी ने केवल न्याय की मांग की है। मान ने कहा,“उन्होंने मुझसे कहा था कि उन्होंने अगले ही दिन पोस्टमार्टम और एफआईआर की मांग की, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला।”मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह परिवार के साथ खड़ी रहे।“किसी को बचाने या किसी विशेष कार्य के लिए नहीं, केवल न्याय चाहिए,” उन्होंने कहा। साथ ही मान ने पंजाब के राज्यपाल से भी आग्रह किया कि वे अधिकारियों और परिवार के बीच संवाद कर उनकी भावनाओं की कद्र करें।अंत में CM भगवंत मान ने कहा, “अब यह स्पष्ट हो गया है कि पिछड़े वर्ग के खिलाफ भेदभाव की कोशिश की जा रही है। यह सिर्फ एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए चेतावनी है।
