लुधियाना | आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लुधियाना दौरे के दौरान दिए गए बयान—जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को वोट देने से विकास कार्य रुक जाएंगे—पर कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आशु ने सोशल मीडिया के जरिए केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जैसे-जैसे 23 जून का मतदान नज़दीक आ रहा है, विरोधियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
आशु ने कहा कि वेस्ट हल्के की जनता का जो समर्थन उन्हें मिल रहा है, उसने आम आदमी पार्टी को परेशान कर दिया है। उनके अनुसार अब ‘आप’ नेताओं के पास केवल एक ही चिंता बची है—”आशु को हराया कैसे जाए?” उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों ने मन ही मन हार स्वीकार कर ली है, क्योंकि जनता का समर्थन ही असली ताकत है, और यह समर्थन उन्हें भरपूर मिल रहा है।
केजरीवाल के उस बयान पर टिप्पणी करते हुए जिसमें उन्होंने कहा था कि “अगर आशु जीत गए तो विपक्ष में रहकर कुछ नहीं कर पाएंगे”, आशु ने सवाल किया कि क्या लोकतंत्र में विपक्ष का कोई महत्व नहीं होता? उन्होंने कहा कि यह बयान केजरीवाल की घबराहट और लोकतांत्रिक सोच की कमी को दर्शाता है।
आशु ने स्पष्ट किया कि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी जनता की आवाज़ को बुलंद किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लुधियाना की जनता जानती है कि वह केवल सत्ता की राजनीति नहीं करते, बल्कि हर हाल में काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि 23 जून को जनता यह दिखा देगी कि विपक्ष का विधायक भी विकास के कार्य करवा सकता है।
