चेन्नई (एकता): चक्रवाती तू+फान ‘मिचौंग’ ने कई राज्यों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बता दें कि सोमवार को चेन्नई में भारी बारिश के चलते कई उड़ानें और रनवे बंद रहे। सूत्रों के मुताबिक यह तूफान कल तक आंध्र प्रदेश के समुद्र तट पर पहुंच सकता है। वहीं दूसरी तरफ लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारी शहर में पानी को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। कई शहरों में बिजली बंद हो गई और इंटरनेट सेवा बाधित हुई।
हवाई अड्डे पर आने और जाने वाली लगभग 70 उड़ानें रद्द कर दी गईं। बारिश को देखते हुए लोगों को घरों से नहीं निकलने की सलाह दी गई। अगले 3 घंटे में तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, चेन्नई, चेंगलपट्टू और कांचीपुरम जिलों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। चेन्नई के अधिकांश हिस्से पानी में डूबे हुए हैं, निचले इलाकों में भारी बाढ़ आ गई है। आसपास के तीन जिलों में स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय आज बंद रहेंगे। अधिकारियों ने तटीय जिलों में लगभग 5,000 राहत केंद्र स्थापित किए हैं।
