कुरुक्षेत्र (एकता): हरियाणा में इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव बेहद रोमांचक होने वाला है। यह महोत्सव 7 दिसंबर से शुरू हो रहा है। खास बात यह है कि पर्यटकों को इस अवसर पर केदारनाथ और मां वैष्णो देवी का दीदार हो सकेगा। सूत्रों के मुताबिक पहली बार हॉट एयर बैलून से लेकर पैराग्लाइडर तक का रोमांच शामिल होगा। सूत्रों के मुताबिक सैलानियों के लिए स्पेशल प्रबंध किए गए हैं। रन-वे तैयार किया गया है। इसके साथ ही केदारनाथ और मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गुफा की तैयारी की जा रही है। ताकि पर्यटकों को धाम की वास्तविकता का अनुभव हो सके। सभी राज्यों से खास कारीगरों को बुलाया गया है।

इस दिन से शुरू होगा यह महोत्सव
यह महोत्सव 7 से शुरू होकर 24 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें मुख्य आयोजन 17 दिसंबर से होंगे। गौरतलब है कि पिछले साल मध्य प्रदेश की जगह इस बार असम को स्टेट पार्टनर बनाया गया है। ऐसे में हरियाणा के साथ ही असम की कला और संस्कृति भी महोत्सव में जीवंत होगी। बताया जा रहा है कि पवित्र ब्रह्मसरोवर के तट पर 7 दिसंबर से ही शिल्प और सरस मेला शुरू हो जाएगा। वहीं मुख्य कार्यक्रमों का शुभारंभ 17 दिसंबर को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे।

सरस और क्राॅफ्ट मेले में देशभर से लगने वाले 600 से अधिक स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे। 8 दिनों तक चलने वाले मुख्य कार्यक्रमों में महाभारत सीरियल में श्रीकृष्ण बने नितिश भारद्वाज और जानी-मानी अभिनेत्री भाग्यश्री समेत कई फिल्मी और राजनीतिक हस्तियों के आने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस बार पिछले सालों के मुकाबले सैलानियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने खास इंतजाम कि हैं।
केदारनाथ गुफा के बाहर होंगे नंदी के दर्शन
बता दें कि मेला ग्राउंड में ही इस बार केदारनाथ धाम के दर्शन किए जाएंगे। यह ऐसी गुफा होगी, जहां केदारनाथ धाम की यात्रा का अनुभव हर पर्यटक को होगा। ये चीज़ें सैलनियों को काफी पसंद आने वाली है।
