मंडी,धर्मवीर-:महाराण प्रताप जयंती पर छोटी काशी मंडी के सेरी मंच पर हिमाचल प्रदेश राजपूत महासभा द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संयोजक बचन सिंह राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।इसके अलावा समारोह में ब्राह्मण सभा,महाजन सभा,खत्री सभा, आहलुवालिया सभा,सिक्ख संगत और राजपूत सभा की अन्य इकाईयों से आए हुए प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संयोजक बचन सिंह राणा ने कहा कि स्वर्ण आयोग की मांग वर्षों से चली आ रही है।जिस तरह से अन्य जातियों के लिए आयोग गठित किए गए हैं उसी तर्ज पर स्वर्ण आयोग का गठन भी किया जाए। हम किसी का विरोध नहीं कर रहे लेकिन जो स्वर्ण समाज के पात्र हैं उनके लिए यह व्यवस्था की जानी चाहिए।इसके साथ ही महाराणा प्रताप के चरित्र को पाठयक्रमों में शामिल किया जाए ताकि भावी पीढ़ी तक इनकी वीरता की गाथाएं पहुंचती रहें। उन्होंने बेहतरीन आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश राजपूत महासभा के अध्यक्ष केएस जम्वाल सहित सभी आयोजकों को बधाई भी दी।
हिमाचल प्रदेश राजपूत महासभा के अध्यक्ष केएस जम्वाल ने कहा कि महाराणा प्रताप एक वीर योद्धा और समाज के लिए लड़ने वालों में से थे।उन्होंने हमेशा ही स्वतंत्रता को महत्वता दी। मुगलों के खिलाफ उन्होंने जंग लड़ी और अगर राजस्थान के लोगों ने उस वक्त उनकी मदद कर दी होती तो कभी मुगलों का साम्राज्य स्थापित नहीं हो पाता।आज अगर हमारे मंदिर सुरक्षित हैं तो उसका श्रेय महाराणा प्रताप और रानी लक्ष्मीबाई को जाता है।उन्होंने कहा कि आज स्वर्ण समाज खुद को अपेक्षित महसूस कर रहा है। सरकारों को स्वर्ण आयोग के गठन के बारे में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
