शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें लंबे समय बाद अपने गृह प्रदेश हिमाचल की याद आई है।उन्होंने कहा कि नड्डा को राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल प्रदेश के हितों और अधिकारों की मजबूती से पैरवी करनी चाहिए।विनय कुमार ने कहा कि भाजपा लगातार डबल इंजन सरकार का दावा करती रही,लेकिन प्रदेश को उसका कोई विशेष लाभ नहीं मिला।उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं द्वारा किए गए वादों के बावजूद हिमाचल प्रदेश को 1,500 करोड़ रुपये की विशेष आर्थिक सहायता क्यों नहीं मिली।उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकारों ने प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी कार्य किए होते तो जनता उन्हें सत्ता से बाहर नहीं करती।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने प्रदेश के मुद्दों को केंद्र स्तर पर मजबूती से नहीं उठाया, जिससे हिमाचल को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।उन्होंने हमीरपुर के निवासी आदित्य शर्मा की मौत का मुद्दा भी उठाया और कहा कि केंद्र सरकार को प्रभावित परिवार के प्रति अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी। साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता,किसानों और बागवानों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन वितरण से जुड़ी समस्याओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विनय कुमार ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त जवाबदेही नहीं निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और आम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।पंचायत चुनावों को लेकर भी उन्होंने भाजपा की आलोचना की। उनका कहना था कि भाजपा द्वारा किए जा रहे दावे वास्तविकता से परे हैं और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनावों में मतदाता विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
