शिमला,संजू-:देशभर में भारतीय जनता पार्टी ने 1975 में लगाए गए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया। इसी कड़ी में शिमला में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मॉल रोड स्थित रोटरी टाउन हॉल के बाहर आपातकाल पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई,जिसका उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया।
प्रदर्शनी में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र पर पड़े प्रभाव,प्रेस सेंसरशिप और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से जुड़े दस्तावेज एवं चित्र प्रदर्शित किए गए।इसके बाद कालीबाड़ी हॉल में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने की।इस अवसर पर डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण दौर था,जब देश में आपातकाल लागू किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के योगदान को याद रखना और नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।उन्होंने लोकतंत्र,संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के महत्व पर भी बल दिया।
