हिसार (एकता): पहाड़ों की तरफ से आने वाली हवाओं से हरियाणा में ठंड बढ़ गई है। हिसार का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक इससे तापमान में गिरावट आ रही है। बता दें कि 17 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। लेकिन इसके बाद तापमान में और गिरावट आएगी।

कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी
बता दें कि विभाग ने घने कोहरे को लेकर प्रदेश के कई जिलों में 19 दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद व जींद शामिल है। जिसके चलते लोगों को ठंड से सावधान रहने की जरूरत है।

हरियाणा में पड़ रही सूखी ठंड
जानकारी के मुताबिक अभी तक हरियाणा में सूखी ठंड पड़ रही है। जिसके चलते अधिकांश क्षेत्रों में धुंध ज्यादा नहीं दिख रही। हालांकि शुक्रवार को उत्तरी हरियाणा में धुंध की चादर दिखाई दी। इसके कारण 10 से 20 मीटर ही दृश्यता रह गई। इसका सबसे ज्यादा असर दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिखाई दिया। मौसम विभाग ने 1 से लेकर 19 दिसंबर तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।
