मंडी/धर्मवीर-:मंडी जिला के नदी, झीलें और जलाशय इन दिनों विदेशी मेहमानों की मौजूदगी से गुलजार होने लगे हैं। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षियों ने जिला के विभिन्न जलाशयों में अपना डेरा जमा लिया है। अपने मूल देशों में तापमान माइनस में पहुंचने और जलस्रोतों के जम जाने के कारण ये पक्षी अनुकूल वातावरण की तलाश में हिमाचल का रुख करते हैं। हर वर्ष अक्तूबर महीने से इनका आगमन शुरू होता है और नवंबर-दिसंबर तक इनकी संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है। फरवरी महीने तक ये पक्षी यहां प्रवास करते हैं।
डीएफओ हेडक्वार्टर मंडी एसएस कश्यप के अनुसार, इस बार भी मंडी के जलाशयों में करीब 12 प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें कॉमन कूट, टफ्टेड डक, मल्लार्ड, कॉमन पोचार्ड, रेड क्रेस्टेड पोचार्ड, लिटिल ग्रेब और कॉर्मोरेंट प्रमुख हैं। ये पक्षी साइबेरिया, सेंट्रल एशिया, तिब्बत, मंगोलिया, चीन और यूरोप के कुछ हिस्सों से लंबी दूरी तय कर यहां पहुंचे हैं। वर्तमान में ब्यास नदी, पंडोह डैम, लारजी डैम,रिवालसर झील और सुंदरनगर झील इन प्रवासी पक्षियों की पसंदीदा पनाहगाह बने हुए हैं।प्रवासी पक्षियों के आगमन के साथ ही वन विभाग ने भी इनकी सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है।डीएफओ एसएस कश्यप ने बताया कि फील्ड स्टाफ को नियमित रूप से जलाशयों का निरीक्षण करने और पक्षियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि कोई भी व्यक्ति इनके साथ छेड़छाड़ या इन्हें नुकसान न पहुंचा सके।उन्होंने बताया कि प्रवासी पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।ये कीट नियंत्रण,बीजों के प्रसार और जैव विविधता को बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं। जिस क्षेत्र में इनकी मौजूदगी होती है, वहां का पारिस्थितिकी तंत्र भी स्वस्थ माना जाता है।वन विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से भी अपील की है कि जलाशयों में पहुंचे इन मेहमानों को परेशान न करें और इनके प्राकृतिक आवास को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें। ताकि हर साल सर्दियों में आने वाले ये प्रवासी पक्षी सुरक्षित माहौल में अपना प्रवास पूरा कर सकें।
