ऊना,राकेश-:सोशल मीडिया पर घर बैठे कमाई करने का सपना एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन काम दिलाने और सस्ते दाम पर आईफोन देने का लालच देकर महिला से करीब 10 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि मार्च 2026 में उसने इंस्टाग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए संपर्क माध्यम के जरिए उसने आरोपियों से बातचीत की। इसके बाद उनके बताए तरीके के अनुसार ऑनलाइन काम करना शुरू कर दिया। शुरुआत में आरोपियों ने उसे कमाई का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे अपने जाल में फंसा लिया।
महिला के अनुसार, अगस्त 2026 में आरोपियों ने उसे महज 70 हजार रुपये में आईफोन उपलब्ध करवाने का आकर्षक ऑफर दिया। सस्ते दाम पर आईफोन मिलने के लालच में उसने इसकी बुकिंग करवा दी। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग फोन कॉल और वीडियो के माध्यम से महिला का विश्वास जीतना शुरू किया।आरोपियों ने आईफोन की डिलीवरी और अन्य प्रक्रियाओं का हवाला देकर महिला से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवानी शुरू कर दी। महिला उनकी बातों में आती रही और कई बार पैसे ट्रांसफर करती रही। इस तरह ठगों ने उससे करीब 10 लाख रुपये ऐंठ लिए।ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस अब बैंक खातों, फोन कॉल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
