धर्मशाला,राहुल-:नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तापक्ष को अभी से अपनी हार का अहसास होने लगा है। यही वजह है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से एक साल पहले ही विपक्ष की भूमिका निभाने की रिहर्सल शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
जयराम ठाकुर ने विधानसभा में हिमकेयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में योजना के संदर्भ में जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वे मर्यादित नहीं थे। संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के शब्दों से उनकी अपनी छवि भी प्रभावित हुई है। सदन में इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। जयराम ठाकुर ने मांग की कि मुख्यमंत्री अपने बयान पर पुनर्विचार करें और सदन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
