Shimla,Sanju(TSN)हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के नए अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में गद्दी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गद्दी समाज से प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति को फेडरेशन का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
गद्दी समुदाय की समस्याएं प्राथमिकता में: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार भेड़-बकरी पालकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और ऊन का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से विचार किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा,जिससे पशुपालकों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।
आपदा राहत में मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 2023 की मानसून आपदा के दौरान प्रभावित पशुपालकों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने मुआवजा राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है।भेड़,बकरी और सूअर की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि अब ₹6000 कर दी गई है,जो पहले ₹4000 थी।भविष्य में इसे और बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है।
मनोज कुमार बोले– गद्दी समाज के लिए गौरव का क्षण
नवीन नियुक्त अध्यक्ष मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह न केवल उनके लिए,बल्कि चंबा और कांगड़ा जैसे जिलों में बसे पूरे गद्दी समुदाय के लिए गर्व की बात है।उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा से कार्य कर समुदाय की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे।
