Shimla,Sanju(TSN)भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया सीजफायर के बाद जहां सीमावर्ती इलाकों में तनाव कुछ कम हुआ है,वहीं राजनीतिक हलकों में बहस तेज़ हो गई है।कांग्रेस ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग उठाई है और हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इसका समर्थन करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर खुली चर्चा की वकालत की है।
राष्ट्रीय मुद्दों पर संसद में बहस की ज़रूरत:विक्रमादित्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की,उसका पूरे देश ने समर्थन किया है।उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरा विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों और प्रधानमंत्री के संबोधन में सीजफायर को लेकर अस्पष्टता चिंता का विषय है।उन्होंने जोर देकर कहा कि इन तमाम विषयों पर गंभीर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र आवश्यक है।
हिमाचल के बागवानों के हक़ में बोले मंत्री
तुर्कीये से सेब के आयात पर आपत्ति जताते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जब भारत संघर्ष के दौर से गुजर रहा था, तब तुर्कीये और चीन ने पाकिस्तान का साथ दिया।ऐसे में तुर्कीये से आने वाले सेबों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, ताकि हिमाचल प्रदेश के बागवानों को राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखेगी और लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग को फिर से दोहराया,जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति पर ठोस विमर्श हो सके।
