दिल्ली (एकता): दिल्ली में ठंड की शुरुआत के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। जिसके चलते राजधानी की हवा जहरीली होती जा रही है। इसी बीच दिल्ली सरकार का एक बड़ा फैसला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक सरकार ने 9 से 18 नवंबर तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है।
स्कूलों में सर्दी की छुट्टी अभी घोषित करने का निर्देश दिया। दिल्ली शिक्षा विभाग ने ये आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि प्रदूषण के लगातार बढ़ते स्तर को देखते हुए इस बार शीतकालीन अवकाश पहले लिया जा रहा है। दिल्ली में प्राइमरी स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक सीपीसीबी का कहना है कि दिल्ली भर में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 452, आरके पुरम में 433 और आईटीओ में 413 दर्ज किया गया। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों को लेकर संबंधित विभागों की बैठक बुलाई। ‘स्मॉग टॉवर’ को अब चालू कर दिया गया है। राजधानी में 10 नवंबर को हल्की बूंदा-बांदी के आसार जताए जा रहे हैं।
