शिमला-:हिमाचल प्रदेश सरकार की पांच अक्तूबर को प्रस्तावित मंत्रिमंडल की बैठक अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होगी। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बैठक स्थगित किए जाने की पुष्टि की गई है।विभाग के अनुसार कैबिनेट की बैठक अगले सप्ताह आयोजित की जाएगी, लेकिन इसकी नई तारीख का आधिकारिक ऐलान सोमवार को किया जाएगा।सरकार की ओर से कैबिनेट बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था।इससे पहले 11 सितंबर को भी मंत्रिमंडल की बैठक प्रस्तावित की गई थी, लेकिन बाद में अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे रद्द कर दिया गया था। उस बैठक के लिए विभिन्न विभागों ने जो एजेंडा तैयार किए थे,उनमें से कई प्रस्ताव अब आगामी कैबिनेट बैठक में शामिल किए जाने की संभावना है।
इस बार बैठक में एजेंडा की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रहने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के हालिया रोहड़ू और रामपुर दौरे के दौरान की गई घोषणाओं को भी मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाना है।इनमें सेब के एमआईएस (मार्केट इंटरवेंशन स्कीम) के तहत रेट और दूध के खरीद मूल्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।इन घोषणाओं को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इनके क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो सकता है।सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी बैठक में रखे जाने की तैयारी है। ऐसे में आगामी कैबिनेट बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।अब सोमवार को यह स्पष्ट होगा कि मंत्रिमंडल की बैठक 7 अक्तूबर या 8 अक्तूबर में से किस तारीख को आयोजित की जाएगी।आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही बैठक की तारीख और विस्तृत एजेंडा की स्थिति साफ होगी।
