बिलासपुर -:केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 5 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर पहुंचेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह 6 अक्तूबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर प्रमुख अतिथि शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर तैयार कार्यक्रम के अनुसार नड्डा 5 अक्तूबर को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे।
प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी स्वदेश ठाकुर के अनुसार,जेपी नड्डा 5 अक्तूबर को शाम करीब 4:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वह एयर इंडिया की उड़ान से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।शाम लगभग 6 बजे चंडीगढ़ पहुंचने के बाद वह सड़क मार्ग से बिलासपुर के विजयपुर के लिए रवाना होंगे।नड्डा के रात करीब 9 बजे विजयपुर पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।यहां वह रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 6 अक्तूबर की सुबह केंद्रीय मंत्री विजयपुर से एम्स बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 9:40 बजे वह सड़क मार्ग से विजयपुर से एम्स के लिए प्रस्थान करेंगे और करीब 10:25 बजे संस्थान पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:35 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाले एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।एम्स बिलासपुर के इस पहले दीक्षांत समारोह को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। समारोह में विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी और उनके शैक्षणिक सफर के महत्वपूर्ण चरण का औपचारिक समापन होगा। केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर संस्थान और स्थानीय प्रशासन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
