Shimla, 3 Feburary – हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल (नेरवा) से उत्तराखंड के पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस उत्तराखंड के क्वाणु क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय बस में लगभग 32 यात्री सवार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिमला और सिरमौर से HRTC अधिकारियों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है। साथ ही चौपाल से एसडीएम, डीएसपी और आरटीओ नाहन को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए उत्तराखंड सरकार से भी समन्वय किया जा रहा है।घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
इस हादसे पर नेताओं ने गहरा दुख जताया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही वे शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे को हृदय विदारक करार देते हुए मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने हिमाचल और उत्तराखंड सरकारों से अपील की है कि सभी यात्रियों को हरसंभव सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए।
हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत कष्टदाई है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और पीड़ित परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने प्रशासन और सरकार से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हादसे में मृतकों और घायलों के समाचार अत्यंत दुखद हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर मौजूद हैं और घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि दुर्घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और सभी पीड़ितों को आवश्यक मदद पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
