Hamirpur,Arvind Singh(TSN):हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बनखंडी के समीप विकसित हो रहा दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान भारत का पहला ऐसा चिड़ियाघर बनने की ओर अग्रसर है, जिसे इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) द्वारा प्लेटिनम रेटिंग प्रदान की जाएगी। यह रेटिंग देश में पर्यावरण के अनुकूल निर्माण और संचालन के उच्चतम मानकों को दर्शाती है।
वन्य प्राणी प्रभाग के डीएफओ रेजिनॉल्ड रायस्टन ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में उद्यान क्षेत्र में 21,000 से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा,जिसकी आपूर्ति हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान (HFRI) द्वारा की जाएगी। यह प्रयास वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की पारिस्थितिकी को समृद्ध करेगा।
चिड़ियाघर में 17 से अधिक एनक्लोजर (प्रदर्शन कक्ष) का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अतिरिक्त, यहां सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन तथा अन्य हरित तकनीकों का समावेश किया जा रहा है ताकि IGBC की प्लेटिनम श्रेणी की सभी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
रेजिनॉल्ड रायस्टन के अनुसार,यह प्राणी उद्यान देश में पर्यावरणीय दृष्टिकोण से निर्माण कार्यों का आदर्श उदाहरण बनेगा और अन्य राज्यों को भी सतत विकास के लिए प्रेरित करेगा।
IBC प्लेटिनम रेटिंग का महत्व
IGBC द्वारा दी जाने वाली प्लेटिनम रेटिंग भारत में किसी भी निर्माण परियोजना को ऊर्जा दक्षता, जल प्रबंधन, सामग्री उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मापदंडों के आधार पर दी जाती है।बनखंडी चिड़ियाघर इस दिशा में एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में उभरेगा,जो भविष्य के स्मार्ट और हरित भारत की कल्पना को साकार करेगा।
