Karnal, 30 January-: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। कुरुक्षेत्र से दिल्ली जाते समय वे करनाल के कर्ण लेक पर रुके, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मौजूदा सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया।
कर्ण लेक पर कार्यकर्ताओं से संवाद
कर्ण लेक पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार की नीतियों से लोग परेशान हैं और जमीनी स्तर पर हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
एसवाईएल मीटिंग को बताया जनता को भ्रमित करने वाला कदम
एसवाईएल मुद्दे पर हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के बीच हुई बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि इस बैठक का कोई औचित्य नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला पहले ही आ चुका है, लेकिन सरकार उसे लागू नहीं कर पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मीटिंग के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।
अवैध कालोनियों को विधायकों का संरक्षण
अवैध कालोनियों के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में अवैध कॉलोनियां विधायकों के संरक्षण में काटी जा रही हैं। अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है।उन्होंने कहा कि हुडा के समय गरीब और मध्यम वर्ग को भी प्लॉट मिल जाते थे, लेकिन अब एचएसवीपी बनने के बाद प्लॉट आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। हुड्डा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने 11 साल में एक भी नया सेक्टर विकसित नहीं किया।
धान घोटाले में बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं
धान घोटाले को लेकर हुड्डा ने कहा कि घोटाला हुआ, लेकिन आज तक किसी बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई। कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित रखी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घोटाला संरक्षण में हुआ है।उन्होंने कहा कि किसानों को गेट पास और ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के जरिए उलझाया जा रहा है। वहीं यूजीसी के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
