मंडी,धर्मवीर-(TSN)-हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से बाइकरों द्वारा हुड़डुंग करने की वीडियो लगातार सामने आ रही है। बीते रोज से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है जिसमें कुछ युवक टनल के अंदर हुड़दंग करते नजर आ रहे हैं।इस दौरान युवकों द्वारा टनल के अंदर लगे फायर एक्सटिंग्विशर का छिड़काव भी दो मोटरसाइकिलों पर किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो चंडीगढ़ में नेशनल हाईवे पर बनी 12 नंबर हणोगी टनल की है। जिसमें पुलिस ने पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानवीन शुरू कर दी है।
मॉडिफाइड बायकों पर फायर एक्सटिंग्विशर से छिड़काव करते नजर आ रहे युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर यह वीडियो बीते रोज से वायरल हो रही है,जो 14 मार्च को बनाई गई है। इस वीडियो में कुछ युवक मॉडिफाइड बाइकों पर टनल के अंदर फायर एक्सटिंग्विशर का छिड़काव करते हुए नजर आ रहे हैं।सोशल मीडिया पर युवकों की इस हरकत का लोग जमकर विरोध भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम पुलिस के पास भी जब यह वीडियो पहुंची तो इसके आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने इस वीडियो की जांच का जिम्मा औट थाना की टीम को सौंपा। जिसके बाद बीती रात को ही औट थाना की टीम द्वारा इस वीडियो की पुष्टि की गई। वीडियो की पुष्टि करने के उपरांत पुलिस द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा 3 और बीएनएस की धारा 125, 324(3) 285 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें आगामी जांच में शामिल किया जाएगा।
