हमीरपुर, अरविंद ( TSN)-जल शक्ति विभाग हमीरपुर तथा मेडिकल कालेज हमीरपुर ने बिजली बोर्ड के साढ़े चार करोड़ रुपए पर कुंडली मार ली है। समय पर बिजली बिलों का भुगतान न करने के कारण वकाया राशि करोड़ों में पहुंच गई है। दोनों ही सरकारी विभाग विद्युत बोर्ड को बिजली बिलों की राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं। जल शक्ति विभाग के पास बिजली बोर्ड के तीन करोड़ रुपए फंसे हुए हैं तो वहीं मेडिकल कालेज भी बिजली बोर्ड के एक करोड़ 51 लाख रुपए का कर्जदार हो गया है। कई बार मौखिक तौर पर अवगत करवाने के उपरांत भी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। करोड़ों की राशि फंसी होने की वजह से बिजली बोर्ड के कई काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
रिकवरी के लिए बिजली बोर्ड डिफाल्टरों को जारी करेगा नोटिस : आशीष कपूर
बिजली बोर्ड में कई उपकरणों की खरीद भी बिजली बिलों के रूप में जुटाई गई राशि से होती है। करोड़ों रुपए डिफाल्टरों में फंसे होने के कारण बोर्ड के कई काम प्रभावित हो रहे हैं। घरेलू तथा व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने भी करीब साढ़े चार करोड़ रुपए बिजली बोर्ड के फंसा रखे हैं। कुल मिलाकर डिफाल्टर्ज में बिजली बोर्ड के नौ करोड़ रुपए फंसे हुए हैं। अभियंता ई. आशीष कपूर का कहना है कि नौ करोड़ की राशि डिफाल्टरों के फंसी हुई है। आईपीएच तथा मेडिकल कालेज के पास साढ़े चार करोड़ रुपए फंसे हैं। वहीं इतना ही रुपया घरेलू तथा व्यावसायिक उपभोक्ताओं में भी फंसा हुआ है। उन्होंने बताया कि डिफाल्टरों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस की अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
