Mandi,Dharamveer (TSN)-पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ की गई कार्रवाई पर उठाए जा रहे विपक्षी सवालों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।मंडी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच के मसले गली-मोहल्ले के झगड़े नहीं होते जिन्हें तुरंत सुलझा लिया जाए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस हमले को गंभीरता से लिया है और ठोस निर्णय लिए हैं। ऐसे में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाज़ी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सही नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि अमेरिका को भी ओसामा बिन लादेन के खिलाफ कार्रवाई में दस साल लगे थे।
राज्यों से सहयोग न मिलने पर जताई नाराज़गी
ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के निर्देशों को कुछ राज्य सरकारें गंभीरता से नहीं ले रही हैं। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की सरकारों पर ‘ढुलमुल रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र को जिन राज्यों से सक्रिय सहयोग की उम्मीद थी, वह नहीं मिल पा रहा है।
भाजपा का विरोध प्रदर्शन
इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन किया और पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल उनके देश भेजने की मांग उठाई।
