मंडी, धर्मवीर ( TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग मंडल के परवाड़ा में आयोजित “संविधान गौरव अभियान” को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सहित गांधी नेहरू परिवार पर निशाना साधा.उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान 75 से ज्यादा संविधान संशोधन किए। कांग्रेस पार्टी की नेताओं और गांधी नेहरू परिवार ने सदैव अपने आप को संविधान से ऊपर रखने का प्रयास किया। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने अपने कार्यालय के दौरान 90 बार अनुच्छेद 356 का प्रयोग कर विपक्षी पार्टियों की सरकार को बर्खास्त किया।
अपने विपक्षियों की सरकार गिराने के लिए कांग्रेस ने 90 बार किया धारा 356 का दुरुपयोग
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में जब भाजपा के सहयोग से सरकार आई तो बाबा साहब को भारत रत्न दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार आई, तो अंबेडकर सेंटर बनकर तैयार हुआ। मोदी की सरकार ने लंदन में जहां बाबा साहब रहे थे, वहां उनकी एक स्मृति बनाई, दिल्ली में उनके निवास स्थान पर स्मृति स्थापित की, नागपुर की दीक्षा भूमि और मुंबई की चैत्य भूमि में भी स्मृतियाँ बनाई। भाजपा ने बाबा साहब की स्मृति में ‘पंच तीर्थ’ बनाए जबकि कांग्रेस ने अपने परिवार के नेताओं के नाम पर हज़ारों की संख्या में स्मारक बनवाए और लाखों की संख्या में भवनों सड़कों का नाम भी अपने परिवार के नाम पर रखा। इस मौके पर स्थानीय भाजपा नेताओं पदाधिकारी के साथ स्थानीय लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।
