उत्तराखंड (एकता): तीन विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। बता दें कि देवभूमि में आज निवेश का ‘महाकुंभ’ होगा। सूत्रों के मुताबिक दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन में देश-दुनिया के 5000 से अधिक निवेशक और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
नरेंद्र मोदी वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में पांच हजार से अधिक निवेशकों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को सम्मेलन का समापन करेंगे। हालांकि सरकार और संगठन की ओर से भव्य तैयारियां की गई हैं।
उत्तराखंड को निवेश का नया डेस्टिनेशन बनाने के उद्देश्य से आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वह हाउस ऑफ हिमालयाज की लॉन्चिंग करेंगे। सम्मेलन में मुकेश अंबानी, गौतम अदाणी, सज्जन जिंदल, बाबा रामदेव सरीखे नामी उद्योगपति और औद्योगिक घरानों के एमडी और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियां परखीं।
