चिंतपूर्णी, विकास शर्मा-:हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चिंतपूर्णी क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई नई पेयजल योजना का विधिवत उद्घाटन किया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
10 हजार लोगों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
इस योजना से चिंतपूर्णी क्षेत्र की लगभग 10,000 की आबादी को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। सरकार का दावा है कि आधुनिक तकनीक से तैयार इस योजना से जल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
कलरूही से लिफ्ट होकर पहुंचेगा पानी
परियोजना के तहत कलरूही क्षेत्र से पानी को लिफ्ट कर चिंतपूर्णी तक पहुंचाया जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिलेगी, बल्कि चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी बेहतर जल सुविधा उपलब्ध होगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, उपायुक्त जतिन लाल, जल शक्ति विभाग के चीफ इंजीनियर रोहित दुग्गल, एसई नरेश धीमान और एक्सईएन होशियार सिंह उपस्थित रहे।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
