अंबाला (एकता): हरियाणा सरकार ने अंबाला के ऐतिहासिक गांव ‘पंजोखरा’ का नाम बदल दिया है। इसके पीछे बदलाव करने की बड़ी वजह रही है। सूत्रों के मुताबिक गांव ‘पंजोखरा’ का नाम अब ‘पंजोखरा साहिब’ कर दिया गया है।
बता दें कि केंद्र सरकार से इस संबंध में गांव का नाम पंजोखरा साहिब करने की अनुमति मिलने के बाद हरियाणा सरकार ने भी इसकी अधिसूचना जारी की। वहीं दूसरी तरफ गृह मंत्री अनिल विज ने भी पंजोखरा गांव के धार्मिक महत्व को देखते हुए गांव का नाम पंजोखरा साहिब करने की प्रदेश सरकार से सिफारिश की थी। जो कि मंजूर हो गई है।
राज्य सरकार के इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद हरियाणा सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी। बता दें कि पंजोखरा साहिब गांव में ऐतिहासिक गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब है। वह सिखों के 8वें गुरू श्री गुरु हरकिशन साहिब जी की यह चरणस्थली है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं। खास बात यह है कि विज ने पंजोखरा साहिब गांव को गोद लिया था। उन्हीं की कोशिशों से गांवों में अब तक करोड़ों की लागत से अलग-अलग विकास कार्य पूरे हो चुके हैं।
