Shimla,23 Septemberहिमाचल प्रदेश सरकार पर्यटन के नए आयाम विकसित कर रही है। राज्य को एस्ट्रो-टूरिज्म गंतव्य के रूप में स्थापित करने के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति के काजा में स्टार गेजिंग सुविधा का उद्घाटन किया।इस पहल से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पीति की स्वच्छ वादियां खगोल पर्यटन के लिए आदर्श हैं।उच्च तकनीकी दूरबीनों की मदद से पर्यटक स्टार गेजिंग का आनंद ले सकेंगे। काजा, लांगजा और रंगरिक के लोग इस सुविधा से लाभ उठाने के लिए तैयार हैं। लाभार्थियों को दूरबीन संचालन का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।साथ ही,लांगजा में पुरातन जीवाश्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाले पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार की यह पहल विज्ञान और संस्कृति को जोड़ने के साथ-साथ होम-स्टे और होटल उद्योग को भी लाभ पहुंचाएगी।
प्रदेश में सीमा पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए भारत और चीन ने लिपुलेख,शिपकी-ला और नाथू-ला मार्गों से सीमा व्यापार फिर खोलने और कैलाश मानसरोवर यात्रा की सहमति दी है। किन्नौर के शिपकी-ला पास से अतिरिक्त मानसरोवर यात्रा मार्ग खोलने की योजना पर सरकार केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय से कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगी।यह पहल हिमाचल प्रदेश में पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक विकास के नए रास्ते खोलने में सहायक साबित होगी।
