नई दिल्ली | अगर आप भी ट्रेन से सफर करते हैं और हर बार टिकट कन्फर्म होने को लेकर अनिश्चितता में रहते हैं, तो रेलवे की एक नई पहल आपके लिए राहत लेकर आई है। अब आपको ट्रेन छूटने से महज 4 घंटे पहले नहीं, बल्कि 24 घंटे पहले ही पता चल जाएगा कि आपका वेटिंग टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं।
अभी तक क्या थी परेशानी?
अब तक जब यात्री वेटिंग टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें यह जानकारी ट्रेन के प्रस्थान से केवल चार घंटे पहले मिलती थी कि टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं। इससे यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा योजना बनाने में मुश्किल होती थी।
अब रेलवे क्या कर रहा है?
रेलवे ने एक नया सिस्टम तैयार किया है, जिसके तहत वेटिंग टिकट का कन्फर्मेशन स्टेटस ट्रेन चलने से पूरे 24 घंटे पहले बता दिया जाएगा। इससे यात्री अगर चाहें तो समय रहते बस, टैक्सी या फ्लाइट जैसी वैकल्पिक यात्रा की योजना बना सकते हैं।
बीकानेर डिवीजन में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
इस नई सुविधा का ट्रायल बीकानेर डिवीजन (राजस्थान) में 6 जून से शुरू कर दिया गया है। एक विशेष ट्रेन पर किए गए इस प्रयोग में अब तक कोई तकनीकी दिक्कत सामने नहीं आई है और इसके नतीजे उत्साहजनक रहे हैं। कुछ हफ्तों तक और परीक्षण चलाया जाएगा।
कैसे हुआ इसका सुझाव?
21 मई को बीकानेर रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने इस सिस्टम का प्रस्ताव रखा था। रेल मंत्री ने इसे तुरंत स्वीकृति देते हुए पायलट प्रोजेक्ट लागू करने के निर्देश दिए।
इन रूट्स पर मिलेगा सबसे अधिक लाभ
रेलवे के इस नए सिस्टम का सबसे ज़्यादा फायदा उन रूट्स पर होगा, जहां हर समय अधिक यात्री सफर करते हैं और वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की संभावना कम रहती है। जैसे कि दिल्ली, बिहार, बंगाल और मुंबई जैसे प्रमुख रूट्स।
जल्द ही पूरे देश में हो सकता है लागू
अगर बीकानेर डिवीजन में यह ट्रायल सफल रहता है, तो जल्द ही इसे देशभर के अन्य बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है।
