कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- हरियाणा सरकार द्वारा पुराने पेड़ों को सहेज कर रखना और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए उन वृक्षों के मालिकों को प्रतिवर्ष 2750 रुपए की पेंशन देने की योजना शुरू की गई है. इसी योजना के तहत कुरुक्षेत्र में 68 पेड़ों को सहेजने के लिए उनके मालिकों को यह पेंशन दी जा रही है. कुरुक्षेत्र में वन विभाग द्वारा 5000 वर्ष पुराने उस ऐतिहासिक और पौराणिक वट वृक्ष की पेंशन कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को दी जा रही है,जहां पर मान्यता है की महाभारत युद्ध के दौरान इसी वट वृक्ष के नीचे श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का अमर उपदेश दिया था.
प्रतिवर्ष 2750 रुपए की पेंशन योजना
हरियाणा सरकार ने यह योजना इसलिए शुरू की है ताकि जो पुरानी धरोहर या जो आपके पुरखे द्वारा लगाए गए पेड़ पौधे हैं उनको संभालने में जो खर्च आए वह खर्च बचाने के चक्कर में कोई पेड़ न कटवाए. थानेसर के वन राज्य अधिकारी शमशेर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के इस प्रयास के तहत अभी तक थानेसर शहर और उसके आसपास 68 पेड़ मिले है,जिन्हे पेंशन दी जा रही है. उन्होंने जनमानस से आग्रह किया यदि आपकी जानकारी में कोई ऐसे वृक्ष है जिनकी उम्र 75 साल से ज्यादा है तो हमें संपर्क करें वन विभाग उस पेड़ के मालिक को भी 2750 रुपए पेंशन देंगे ताकि उसे पेंशन से पेड़ का रख रखाव हो सके, पेड़ का भूमि घटाव रोका जा सके पेड़ में दीमक या कोई बीमारी लगने पर उसमें कीटनाशक का छिड़काव मलिक कर सके ताकि पुरानी धरोहर और आज की सबसे बड़ी जरूरत पेड़ों को सहेज कर रखा जा सके.
