फरीदाबाद : चन्द्रिका ( TSN)-गर्मी का प्रकोप जारी है, जिले में अधिकतम तापमान 42से 45 डिग्री के आसपास तक पहुंच गया है, ऐसे में बढ़ती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। आलम यह है कि गर्मी के कारण लोग बीमार पडऩे लगे हैं। ऐसे में इन दिनों फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, मरीजों में सबसे ज्यादा उल्टी, दस्त, चक्कर के मरीज आ रहे हैं।
बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल एसएमओ डॉक्टर टीसी गिडवाल के अनुसार 1 दिन में लगभग 50से 100 मरीज अस्पताल में इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। गर्मी के कारण मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए विशेष तौर पर ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि, जिस तरह से गर्मी का सितम लगातार जारी है, वैसे-वैसे मरीजों की भी संख्या बढ़ रही है। लोगों से अपील करते हुए डॉक्टर ने कहा कि जरूरी काम हो तो ही अपने घर से बाहर निकले. सिर पर कपड़ा रखकर निकले, बच्चे और बुजुर्ग घर से बेवजह धूप में बाहर ना निकले। नींबू पानी का सेवन करें और पानी ज्यादा पिए।
