करनाल,18 जून-:करनाल एसटीएफ ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात काला राणा गैंग से जुड़े तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कुरुक्षेत्र के एक डॉक्टर की हत्या की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से वारदात टल गई।एसटीएफ की टीम ने सबसे पहले मुख्य आरोपी शुभम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो ऑटोमेटिक गन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों और गैंग की गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे किए।
शुभम की निशानदेही पर एसटीएफ ने पंजाब में दबिश देकर उसके दो साथियों आशु और विकास को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी एक संगठित गिरोह के तौर पर काम कर रहे थे और हत्या सहित अन्य गंभीर वारदातों की तैयारी में जुटे थे।पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पंजाब के कपूरथला, लुधियाना, मोहाली और फगवाड़ा में हुई कई फायरिंग घटनाओं में शामिल रहे हैं।आरोपियों का मुख्य तरीका कारोबारियों और अन्य लोगों से रंगदारी मांगना था। रकम नहीं मिलने पर वे फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाते थे।पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों के तार कुख्यात काला राणा गैंग से जुड़े पाए गए हैं।यह गैंग हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में रंगदारी, फायरिंग और संगठित अपराध की गतिविधियों के लिए जाना जाता है।पुलिस अब गैंग के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।एसटीएफ के जांच अधिकारी दीपेंद्र राणा ने बताया कि आरोपियों से रिमांड के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी हासिल हुई है। तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
