दिल्ली (एकता): आज भारत की जीत पूरे विश्व में सुनाई देने वाली है। टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने के साथ ही फैंस में काफी खुशी देखी जा रही है। बता दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला जाने वाला है। आज फैंस को फाइनल मैच का अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक मैच के शुरू होने से पहले ही अहमदाबाद में दर्शकों का जमावड़ा लग गया। मैच की शुरुआत रविवार को दोपहर 2 बजे से होगी, लेकिन विश्व के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर दर्शकों का मेला लगा हुआ है। हर कोई काफी खुश नजर आ रहा है। सभी होटल फुल नजर आ रहे हैं। कई लोगों ने स्टेडियम के बाहर डेरा जमाया हुआ है।

नरेंद्र मोदी सहित कई वीआईपी के स्टेडियम में पहुंचने की उम्मीद
बताया जा रहा है कि भारत के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित आठ से ज्यादा राज्यों के सीएम शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स के भी आने की संभावना है। मैच में सुप्रीम कोर्ट और गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस और पूर्व जज भी शामिल होंगे। मैच देखने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, गुजरात, तमिलनाडु और कई राज्यों के विधायक भी अहमदाबाद जाएंगे। इसके अलावा बॉलीवुड के सितारों के भी मौजूद रहने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि फाइनल मुकाबले से पहले बॉलीवुड अभिनेत्रियां अपने ग्लैमर का तड़का लगाएंगी। वहीं दूसरी ओर क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले से पहले कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। हर कोई भारत की जीत के लिए दुआं और पाठ-पूजा कर रहा है।

