Mandi,dharamveer(TSN)–हिमाचल प्रदेश में स्व.विमल नेगी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की हालिया टिप्पणी पर सियासी माहौल गर्मा गया है।नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंची है।
न्यायालय से माफी की उठी मांग
मंडी में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने उम्मीद जताई कि हाईकोर्ट इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेगा।उन्होंने मुख्यमंत्री से न्यायालय से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने प्रारंभ से ही विमल नेगी की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच में बाधा डाली।
जांच को लेकर सरकार पर लगाए आरोप
ठाकुर ने कहा कि मामले में शामिल कुछ अधिकारियों की भूमिका को नजरअंदाज किया गया,और जब ये तथ्य हाईकोर्ट के समक्ष आए,तो न्यायालय ने निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु जांच सीबीआई को सौंप दी।
सीएम के बयान पर विपक्ष का पलटवार
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू के उस बयान पर भी सवाल उठाए जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि पीड़ित परिवार सीबीआई जांच चाहता,तो सरकार पहले ही कदम उठाती। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पीड़ित परिवार शुरुआत से ही सीबीआई जांच की मांग कर रहा था, जिसे लगातार अनसुना किया गया।उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति नहीं कर रही बल्कि केवल न्याय की मांग कर रही है। “हम चाहते हैं कि स्व.विमल नेगी के परिवार को पूरा न्याय मिले और दोषियों को सजा,” ठाकुर ने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी उनकी बौखलाहट को दर्शाती है और इससे जनता में गलत संदेश गया है।
