शिमला/संजू-:शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार दोपहर हुई बारिश के बीच क्राइस्ट चर्च के समीप भूस्खलन होने से सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य आज रात से ही शुरू किया जाए और अगले चार दिनों के भीतर इसे पूरा किया जाए।
मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि रिज मैदान शहर की ऐतिहासिक धरोहर है,इसलिए क्षतिग्रस्त दीवार को उसके मूल स्वरूप में ही बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।साथ ही उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के चलते जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना जरूरी है,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की संभावना कम हो सके।नगर निगम ने भी एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है।स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास की नालियों को साफ रखें तथा जल निकासी में किसी भी प्रकार की रुकावट न आने दें। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
