कांग्रेस राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक लोकसभा को लेकर सांसद अरविंद शर्मा को घेरने में लगे हुए थे, लेकिन आज भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने भी कड़े शब्दों में दीपेंद्र हुड्डा को चैलेंज कर दिया है।
उनका कहना है कि दोनों हाथों में लड्डू रखने की बजाय दीपेंद्र सिंह हुड्डा में अगर हिम्मत है तो राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में आए। पहलवान लंगोट बांधकर मैदान में आते हैं कपड़े पहनकर नहीं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इन नेताओं ने तो पहले अशोक तवर के साथ ज्यादती की और फिर कुमारी शैलजा का हक छीनकर राज्यसभा की टिकट पर कब्जा कर लिया, उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा बार-बार टारगेट करने की बात कहते हैं, उनके पास ऐसा है ही क्यों हम उन्हें टारगेट करें।
यही नहीं, अरविंद शर्मा ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछा कि भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों का श्रेय लेने से पहले यह बताएं कि कांग्रेस सत्ता के दौरान जिन प्रोजेक्ट की आधारशिला रखवाई थी वह पूरे क्यों नहीं किए और उन प्रोजेक्ट की आवाज किसी के सामने क्यों नहीं उठाई। सांसद अरविंद शर्मा रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
