दिल्ली (एकता): भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज Virat Kohli ने 146 साल के क्रिकेट इतिहास में पहली बार नया कीर्तिमान बनाकर सबको हैरान कर दिया है। बता दें कि कोहली ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी अपने करियर में नहीं बना पाए थे। खास बात यह है कि क्रिकेट साल 1877 से खेला जा रहा है। तब से लेकर अब तक विराट वह पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट यानी तीनों प्रारूप मिलाकर सात अलग-अलग कैलेंडर वर्ष में 2000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। वह ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिसके चलते उनके फैंस, परिवार और क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।

श्रीलंका के कुमार संगकारा को विराट ने छोड़ा पीछे
बताया जा रहा है कि विराट कोहली ने साल 2023 में 35 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 36 पारियों में 66.06 की औसत से 2048 रन बनाए। इनमें आठ शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। इससे पहले क्रिकेटर ने साल 2012 में 2186 रन, 2014 में 2286 रन, 2016 में 2595 रन, 2017 में 2818 रन, 2018 में 2735 रन और 2019 में 2455 रन बनाकर जीत हासिल की थी। खास बात यह है कि साल 1877 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले जाने के बाद से किसी अन्य खिलाड़ी ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की। हालांकि कोहली के बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा हैं। संगा ने 6 बार ऐसा किया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में विराट सबसे आगे
खास बात यह है कि मौजूदा क्रिकेटरों में रूट, केन विलियम्सन, स्टीव स्मिथ और बाबर आजम कोहली से काफी पीछे हैं। जबकि वह सबसे आगे चल रहे हैं। भारत के अन्य खिलाड़ियों में सौरव गांगुली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में 2000+ रन बनाने काम चार बार किया है।
जानें मैच में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला भारत सेंचुरियन में पारी और 32 रन से हार गया। 28 दिसंबर को मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया दूसरी पारी में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए थे। हैरानी की बात यह है कि इस मैच में भारतीय टीम 3 दिन भी नहीं टिक पाई। बारिश की वजह से इस मैच में किसी भी दिन पूरे 90 ओवर का खेल नहीं हुआ।
