Una, Rakesh-:पंजाब में हालिया बम ब्लास्ट की घटना के बाद गणतंत्र दिवस को लेकर हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इसी कड़ी में उत्तर क्षेत्र रेंज की डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने रविवार देर शाम जिला ऊना का दौरा कर पंजाब से सटी सीमाओं पर सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।
डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने मैहतपुर, हरोली, संतोषगढ़ और पंडोगा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस थानों और चौकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान थानों के रिकॉर्ड की जांच की गई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान एसपी ऊना अमित यादव, एएसपी सुरिंद्र और डीएसपी मोहन रावत भी मौजूद रहे।डीआईजी ने पंजाब बॉर्डर पर लगाए गए नाकों का स्वयं निरीक्षण किया। नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि हर संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जाए। स्निफर डॉग स्क्वायड, क्विक एक्शन टीम और विशेष पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
“पंजाब में हुई हालिया घटनाओं को देखते हुए हिमाचल पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर बॉर्डर एरिया में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है। किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”बॉर्डर जिला होने के कारण ऊना नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा के साथ-साथ नशा माफिया के खिलाफ अभियान भी तेज रखा जाए। पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है।डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का दावा है कि ऊना और पंजाब से सटी सीमाओं पर सुरक्षा इतनी पुख्ता है कि बिना जांच के कोई भी अंदर प्रवेश नहीं कर सकता। यह सख्ती गणतंत्र दिवस समारोह के शांतिपूर्ण आयोजन तक जारी रहेगी।
