Kullu,Manminder(TSN)–हिमाचल प्रदेश में युवाओं के लिए संचालित कौशल विकास भत्ता योजना पिछले आठ महीनों से बंद पड़ी है,जिससे हजारों प्रशिक्षु वित्तीय समस्याओं से जूझ रहे हैं।प्रशिक्षुओं और उनके परिजनों ने सरकार से इस योजना को शीघ्र बहाल करने की माँग की है।
कुल्लू जिले के अनेक प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि भत्ता बंद होने के कारण उन्हें प्रशिक्षण शुल्क चुकाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।कौशल विकास भत्ता संघ के अध्यक्ष मनोहर ठाकुर के अनुसार,प्रदेशभर में करीब दो हजार से अधिक युवा इस योजना के ठप होने से प्रभावित हुए हैं।
छात्रा तनवी राणा ने बताया कि उनके परिवार के दो सदस्य प्रशिक्षण ले रहे हैं,लेकिन बीते आठ माह से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है,जिससे उनकी पढ़ाई और प्रशिक्षण दोनों संकट में हैं।छात्रों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर दोबारा शुरू किया जाए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
