अंबाला (एकता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या पहुंचकर देश को 8 नई ट्रेनों की सौगात दी। इन ट्रेनों की खास बात यह है कि इसमें विदेशों की तर्ज पर सभी खूबियां भरी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इन ट्रेनों की तारीफ करते हुए कहा कि आज देश करवट ले रहा है और चहुंमुखी विकास हो रहे हैं। विदेशों की तर्ज पर सभी सुविधाओं से संपन्न वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है, जोकि विदेशों में चल रही ट्रेनों से भी बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है, चाहे वह सड़क या रेल हो या जगह-जगह एयरपोर्ट बनाने की बात हो, हर तरफ से देश आगे बढ़ रहा है। साल 2047 में विकसित भारत बनाने की दौड़ में प्रधानमंत्री ने काम शुरू कर दिया है। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है।
अयोध्या आं+दोलन के समय देखा था स्टेशन, आज नए स्वरूप में देख हुआ गर्व
गृह मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने अयोध्या से विभिन्न गाड़ियों का शुभारंभ किया है और अयोध्या का नया रेलवे स्टेशन व हवाई अड्डा भी बनाया है। वहां उन्होंने पुराना स्टेशन देखा था। पहले कैसा स्टेशन था और अब नए स्टेशन को देख उन्हें गर्व होता है।
‘‘मैं रेलवे कर्मचारी का बेटा हूं, रेलवे की तरक्की को नजदीक से देखा है’’
अनिल विज ने कहा कि वह रेलवे कर्मचारी के बेटे हैं और गाड़ियों की सीटियां उनके लिए लोरियां होती थी। रेलवे ने कैसे तरक्की की है, उन्होंने इसे बढ़ते हुए देखा है। पहले सबसे बेहतर डीलक्स एक्सप्रेस को कहा जाता था, मगर अब वंदे भारत देश की नंबर वन ट्रेन है। सब सुविधाओं से संपन्न यह ट्रेन है। उन्होंने नई वंदे भारत ट्रेन चलने की सभी को बधाई दी और आह्वान किया कि ऐसी और भी गाड़ियां चलेगी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया के साथ-साथ रेलवे के उच्च अधिकारीगण व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
