Faridabad, 19 January-:फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी वाले दिन ही दुल्हन के भाई का अपहरण कर लिया गया। यह वारदात चावला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक शादी की तैयारियों के चलते घर के बाहर मौजूद था। तभी अचानक कुछ बदमाश वहां पहुंचे और युवक को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। घटना स्थल गुरुद्वारे के पास होने के कारण वहां आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें अपहरण की पूरी घटना और आरोपी साफ नजर आ रहे हैं।पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज को तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की पहचान और इस्तेमाल की गई गाड़ी का पता लगाया जा रहा है। अपहृत युवक की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।इस वारदात के बाद चावला कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग युवक की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
