भावना,पलवल(TSN): आयुष विभाग पलवल की ओर से शुक्रवार को आठवां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पंजाबी धर्मशाला में मनाया गया। इस अवसर पर निशुल्क आयुष कैंप का आयोजन भी किया गया है और लोगों को आहार के नियम के बारे में जागरूक किया गया।
आयुष विभाग के नोडल अधिकारी सतीश शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग की ओर से हर दिन हर किसी के लिए आयुर्वेद थीम रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मोटा अनाज को बढ़ावा दिया जा रहा हैं। मोटे अनाज में ज्वार,बाजरा,रागी आदि शामिल हैं। मोटे अनाज में भरपूर मात्रा में विटामिन,मिनरल्स, प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में मौजूद रहते हैं। ये हमारे शरीर के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व हैं। मोटे अनाज से लोगों को डायबिटीज नहीं होती हैं।
उन्होंने आहार नियमों के बारे में बताते हुए कहा कि हमें भूख लगने पर ही भोजन करना चाहिए। भूख से अधिक भोजन नहीं करना चाहिए। भोजन के साथ कम मात्रा में थोड़ा-थोड़ा करके सामान्य तापमान का जल पीना चाहिए। खिचड़ी व खीर एक साथ सेवन न करें। खीर व सत्तू के घोल का एक साथ सेवन न करें। कम भूख वालों को भारी भोजन नहीं करना चाहिए। शहद को गर्म करके न खाएं। घी से बने पदार्थों के बाद शीतल जल का सेवन न करें। गर्म व ठंडी चीजों का एक साथ सेवन एक साथ न करें।
वहीं सीनियर आयुष अधिकारी संजीव तोमर ने कहा कि आयुर्वेद के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा हैं। इस अवसर पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया है और दवाइयां प्रदान की गई है। कैंप में जो लोग आए है उन्हें स्वास्थ्य संबंधित सलाह दी गई हैं।
डॉ. पुरेंद्र कुमार ने बताया कि कैंप में बुजुर्गों,महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी गई। आयुर्वेद थीम के अनुरूप हर घर आयुर्वेद को लेकर व्याख्यान दिया गया है और एक प्रदर्शनी लगाई गई कि हमें प्रतिदिन अपने भोजन में पौष्टिक आहार लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि हम घर की रसोई में मौजूद मसालों के माध्यम से अपना इलाज कर सकते हैं। वहीं उन्होंने मौसम के अनुसार फल और सब्जियों का सेवन की सलाह दी।
कैंप में आए लाभार्थी उपकार चौहान ने बताया कि आयुष विभाग की ओर से पंजाबी धर्मशाला में कैंप का आयोजन किया गया जिसमें स्वास्थ्य की जांच की गई और दवाईयां दी गई। डॉक्टरों की ओर से उचित परामर्श दिया गया हैं।
