भावना शर्मा,पलवल(TSN): पलवल में “युवा जोड़ो-हरियाणा जोड़ो” अभियान की शुरुआत युवा कांग्रेस की ओर से की गई हैं। इस अवसर पर रसूलपुर रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर पहुंचे हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा ने जिला स्तर की बैठक कर अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस अभियान से युवा कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को एक साथ संगठित करके उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रखरता से उठाने का कार्य करेगी। इसके माध्यम से हर वर्ग का युवा एक मंच पर आएगा और अपनी समस्या व अधिकारों की आवाज को दृढ़ता से सरकार के समक्ष रखेगा। हरियाणा जोड़ो अभियान के माध्यम से युवा कांग्रेस इन सभी विषयो पर युवाओं के साथ संवाद करेगी और उन समस्याओं के लिए सरकार से संघर्ष भी करेगी।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं को प्रभावित करने वाले बेरोजगारी, अग्निवीर सेना भर्ती, नशा, सरकारी भर्तियां, विदेशी पलायन, शिक्षा, खेल आदि मुद्दों के तहत युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस अभियान में इसके साथ साथ संगठन विस्तार कार्यक्रम भी किए जाएंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता उदय करण दलाल, युवा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल के अलावा सैकड़ों युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
