शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश में अप्रैल का आधा महीना बीत जाने के बावजूद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 19 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके चलते अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले क्षेत्रों में तेज हवाओं, गर्जना और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 19 अप्रैल को फिर से खराब मौसम की संभावना जताई गई है। 20 अप्रैल से मौसम के साफ होने की उम्मीद है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां तेज हवाएं और ओलावृष्टि की आशंका है।
मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।वर्तमान में प्रदेश के निचले इलाकों में तापमान 29 से 34 डिग्री सेल्सियस, मध्य क्षेत्रों में 22 से 27 डिग्री और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 20 से 24 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से अधिक है। मौसम में बदलाव के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है।मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 24 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। वहीं इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान है, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत से कम वर्षा हो सकती है।
