Hamirpur,15 September-जिला भाजपा की ओर से छिंज कुश्ती समितियों का जिला स्तरीय सम्मेलन हमीरपुर में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर उपस्थित रहे। सम्मेलन का शुभारंभ हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर और हनुमान चालीसा के पाठ से किया गया।
इस अवसर पर बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, कमलेश कुमारी और अनिल कुमार सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर को शॉल, टोपी और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों के विकास पर जोर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि छिंज कमेटियां अगर मिलकर अखाड़े तैयार करें तो प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी सामने आएंगे।उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों के खिलाड़ी हिमाचल के छिंज मेलों में भाग लेकर करोड़ों की कमाई करते हैं और अब प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षण देकर बेहतर खिलाड़ी तैयार किया जाएगा।उन्होंने घोषणा की कि जिला में दो-दो छिंज अकादमियां बनाई जाएंगी,जिनमें खिलाड़ियों को खेल, रहने और खाने की बेहतर सुविधा मिलेगी। उनका कहना था कि भविष्य में मेडल विजेता हिमाचल के खिलाड़ी ही होंगे।
राजनीतिक टिप्पणियां
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाइड्रोजन बम बयान पर व्यंग्य करते हुए कहा कि हर बार उनकी धमाकेदार घोषणाएं भी चुनावों की तरह “टांय टांय फिस” हो जाती हैं। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार छींटाकशी की निंदा की और कांग्रेस को अपने गठबंधन के भीतर देखने की सलाह दी।
राष्ट्रीय राजमार्ग और वक्फ बोर्ड पर चर्चा
सांसद ने कहा कि हमीरपुर से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-3 के काम में हुई देरी और गुणवत्ता पर उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं।आगामी तीन महीनों में मार्ग के तीसरे चरण का काम पूरा किया जाएगा और आम यातायात के लिए सड़क तैयार की जाएगी।
वक्फ बोर्ड के सुप्रीम कोर्ट फैसले पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि नए कानून के तहत मुस्लिम समुदाय को संपत्तियों का अधिकतम लाभ मिलेगा और यह कानून दुनिया के बेहतरीन कानूनों में से एक माना जाएगा।
