Mandi,14 July-हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड़ में हाल ही में आपदा से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आपदा में अपने घर गंवाए हैं,उनके लिए वन भूमि आवंटन और उचित मुआवज़े को लेकर केंद्र सरकार से विशेष स्तर पर पैरवी की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संकट के समय राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए और केंद्र सरकार पहले की तरह अब भी हर संभव राहत पहुंचाने को तैयार है। ठाकुर ने प्रदेश सरकार से अपेक्षा जताई कि प्रभावितों के पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाए।
स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को दी राहत सामग्री
इस अवसर पर स्कूली बच्चों को हज़ार स्कूल बैग, दो हज़ार पेंसिल, पाँच हज़ार बिस्किट पैकेट,प्रोटीन पैकेट,कॉपियाँ और अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई।सांसद मोबाइल सेवा के माध्यम से दो हज़ार लोगों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयाँ प्रदान की गईं।साथ ही,सेनेटरी पैड और एक हज़ार तिरपाल भी आपदा प्रभावित परिवारों को वितरित किए गए।
जयराम ठाकुर की सराहना
अनुराग ठाकुर ने सराज से विधायक और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आपदा के समय मौके पर रहकर राहत कार्यों का कुशल संचालन किया।उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राशन, बिस्तर,किचन सामग्री समेत सभी आवश्यक वस्तुएं लगातार वितरित की जा रही हैं।
NHAI को स्पष्ट संदेश:लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अपने दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने NHAI अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।उन्होंने कहा, “निर्माण कार्य जनता की सुविधा के लिए होने चाहिए, परेशानी के लिए नहीं।”उन्होंने धर्मपुर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों की क्लास लेते हुए कहा कि कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
